रिसाली। 18 से 44 वर्ष उम्र वालों को कोरोना टीका लगाने का कार्य रिसाली निगम क्षेत्र के रूआबांधा स्थित शा. नवीन प्राथमिक शाला में शनिवार से शुरू किया गया। मुख्यमंत्री की मंशा अनुरूप व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के क्षेत्र में पहला टीका रूआबांधा के सब्जी बेचने वाले दिलीप जैन ने लगवाया। खास बात यह है कि 45 से 60 वर्ष वालों को टीका लगाने के बाद वर्तमान शासन की गाइड लाइन को आधार मानते हुए केवल अतिगरीब (अंत्योदय राशन कार्डधारी) परिवार के सदस्यों को टीका लगाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि शासन से दिशा निर्देश मिलते ही नगर पालिक निगम के आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने अंत्योदय कार्डधारी के परिवार वालों को टीका लगाने प्रारंभिक तैयारी पूरी कर ली थी। दोपहर वैक्सीन केन्द्र में पहुंचते ही आयुक्त केन्द्र पहुंचे और व्यवस्था का जायजा लेने के बाद टीकाकरण कार्य शुरू करने निर्देश दिए। हालांकि पहले दिन टीका लगाने वालों की संख्या अपेक्षाकृत कम होने पर आयुक्त ने क्षेत्र में मुनादी कराने के निर्देश दिए। टीकाकरण अभियान की शुरूआत में डब्लू एच ओ के डॉ. अनूप ने पहले वैक्सीन के रखरखाव व अन्य संसाधनों का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। इस अवसर पर टीकाकरण केन्द्र में नोडल अधिकारी रमाकांत साहू, सीपी एम तुषार वर्मा, उपअभियंता हिमाशु कावड़े, गोपाल सिन्हा, जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष तुलसी साहू, एल्डरमेन प्रेमचंद साहू, पूर्व पार्षद राजेन्द्र रजक आदि उपस्थित थे।
टीकाकरण के पहले काउंसलिंग
कोरोना से बचाव के लिए टीका लगाने से पहले सूक्ष्मता से पूछ ताछ की जा रही है। वहीं टीकाकरण के बाद 30 मिनट तक निगरानी में रखा गया। आयुक्त टीकाकरण के बाद टीका लगाने वालों से उनकी तबियत के बारे में पूछते रहे।
जान बचाना आवश्यक
टीकाकरण में अंत्योदय राशन कार्डधारी को प्राथमिकता देने पर केन्द्र में पहला टीका लगवाने वाले दिलीप कुमार जैन ने कहा कि जान है तो जहान है। उन्होने ने कोरोना टीका के लिए अतिगरीब व्यक्तियों को पहले पायदान पर रखने पर मुख्यमंत्री व गृहमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
भविष्य सेफ करना आवश्यक
रूआबांधा एचएससीएल कॉलोनी निवासी अम्बेश्वरी साहू ने कहा कि अब तक पहले उच्च वर्ग और मध्यम वर्गीय परिवार की पूछ परख होती थी। पहली बार अतिगरीब को पहले प्राथमिकता दी गई है। इसलिए सभी को चाहिए कि वे भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए टीका लगाए।
सबको मिले अवसर
अंत्योदय कार्डधारी परिवार की बी ए अंतिम वर्ष की पढ़ाई करने वाली छात्रा श्वेता यादव ने टीका लगाने के बाद कहा कि जैसे ही उसे सूचना मिली कि अतिगरीब को पहले टीका लगेगा वे उत्साहित हो गई। इसलिए वह अपनी मां को लेकर टीका लगवाने पहुंची है। वह कहती है कि टीका हर व्यक्ति को लगे।




