भिलाई। रेलवे की परीक्षा देकर लौट रही खुर्सीपार निवासी विवाहिता की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपने पति व 8 साल के बच्चे के साथ रायपुर गई थी। परीक्षा देने के बाद वे लौट रहे थे इस दौरान सिरसा चौक पर तेज रफ्तार ट्रक से उसे चपेट में ले लिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पिता और 8 साल का बेटा घायल हो गए। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना के बाद आरोपी ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार मृतका का नाम एन भारती (30) शनिवार को रायपुर गई थी। वह अपने पति व 8 साल के बेटे के साथ गई। दरअसल रायपुर में वह रेलवे का एग्जाम देने गई थी। परीक्षा देने के बाद रायपुर में कुछ समय बताने के बाद वह पति व बच्चे के साथ वापस लौट रही थी। बाइक पति चला रहा था और वह अपने बच्चे के साथ पीछे बैठी थी। इस दौरान भिलाई तीन सिरसा चौक के पास हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों गिर पड़े। पिछले पहिए की चपेट में आने से भारती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में पति और बच्चे को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हाई स्पीड ट्रक बाइक को टक्कर मारते साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। टक्कर अचानक हुई, जिससे बाइक सवार संभल नहीं पाए। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर ट्रक चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए इलाके में जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने जल्द ही कंट्रोल कर लिया।




