नई दिल्ली (एजेंसी)। भारत में कोविड-19 के मामले 39 लाख के आंकड़े को पार कर चुके हैं। लगातार दूसरा दिन है जब कोरोना संक्रमण के मामलों में बड़ा उछाल देखने को मिला। लगातार दूसरे दिन भारत में 80 हजार से अधिक कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए। पिछले 24 घंटों में 83,341 नए मामले सामने आए। यह ऐसा आंकड़ा है जो काफी डरावना है। विश्व के अन्य देशों में जहां कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आ रही है वहीं भारत में यह आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। राहत की बात यह है कि रोजाना 60 हजार से अधिक मरीज ठीक हो रहे हैं। पिछले 24 घंटों में 66 हजार से अधिक मरीजों को स्वस्थ्य होने के बाद डिस्चार्ज किया गया।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से शुक्रवार सुबह अद्यतन किए गए आंकड़े के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 1,096 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 68,472 हो गई है। देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 39,36,748 हो गए हैं, जिनमें से 8,31,124 लोगों का उपचार चल रहा है और 30,37,152 लोग उपचार के बाद इस बीमारी से उबर चुके हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक, देशभर में तीन सितंबर तक कुल 4,66,79,145 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से गुरुवार को एक दिन में 11,69,765 नमूनों की जांच की गई।




