भिलाई। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा शनिवार को दुर्ग में प्रदर्शन के दौरान दिए गए एक बयान को लेकर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने जमकर हमला बोला है। विधायक रिकेश ने पूर्व सीएम के बयान को राजनीति से प्रेरित बताते हुए भिलाई को बदनाम करने की साजिश बाताया है। रविवार को एक प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम भूपेश बघेल अपने दिए बयान का साक्ष्य प्रस्तुत करे या फिर सार्वजनिक रूप से माफी मांगे।
विधायक रिकेश सेन ने कहा कि शनिवार को पूर्व सीएम भूपेश बघेल दुर्ग में महापौर धीरज बाकलीवाल के निवास पर कहा था कि भिलाई के एक स्कूल में यौन शोषण हुआ है। यही नहीं उन्होंने दुर्ग एसपी को गुंडा कहा जो कि निंदनीय है। विधायक रिकेश ने कहा कि स्कूल में बच्ची के साथ कथित यौन उत्पीड़न की घटना का यदि भूपेश बघेल के पास कोई ठोस आधार या सबूत है तो उन्हें सार्वजनिक करना चाहिए तथा स्कूल का नाम लेकर पीड़ित परिवार एवं उसकी बच्ची को न्याय दिलाने के लिए सामने आना चाहिए। बिना साक्ष्य के राजनीतिक मंच से स्कूल का बिना नाम लिए गोल मोल शब्दों में बातें करने से स्पष्ट है कि भूपेश बघेल यह सब अपनी राजनीति चमकाने के लिए कर रहे हैं।
विधायक रिकेश ने कहा कि भूपेश बघेल ने इस गैर जिम्मेदाराना बयान से स्कूल को बेवजह बदनाम करने के साथ ही वहां पढ़ने वाले बच्चे एवं उनके पालकों को भी भयभीत करने का काम किया है जो कि घोर निंदनीय है। भिलाई की पहचान शिक्षाधानी तथा खेल एवं सांस्कृतिक नगरी की रही है, इसे मिनी भारत भी कहा जाता है। यहां देश के सभी प्रांतों के तथा विभिन्न धर्म को मानने वाले लोग वर्षों से भाईचारे एवं शांति से रहते आ रहे हैं। एक आधारहीन घटना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भिलाई की शांति एवं भाईचारे में जहर घोलने तथा यहां के वातावरण को खराब करने के घटिया कृत्य पर उतर आए हैं।
विधायक रिकेश ने यह भी कहा कि अपनी सरकार गंवाने तथा लोकसभा चुनाव हारने के बाद कांग्रेस के भीतर भूपेश बघेल का कद तेजी से घटता जा रहा है। प्रदेश की राजनीति में उनकी पूछ परख भी कम होती जा रही है। विष्णु देव सरकार के खिलाफ भी वे कोई बड़ा मुद्दा नहीं उठा पा रहे हैं, ऐसी स्थिति में अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए भूपेश बघेल अब अनर्गल बयानबाजी करने पर उतार आए हैं और बिना किसी सबूत के एक स्कूल का नाम लिए बिना उसे बदनाम करना एवं एसपी जैसे जिम्मेदार पद पर आसीन अफसर को खुलेआम गाली देना, उनकी इसी हताशा का परिचायक है। यदि भूपेश बघेल के पास मामले को लेकर कुछ तथ्य हैं तो उन्हें स्कूल का नाम उजागर करना चाहिए अन्यथा अपनी बेबुनियाद बयानबाजी के लिए उन्हें स्कूल प्रबंधन, दुर्ग एसपी सहित सम्पूर्ण भिलाईयंस से माफी मांगना चाहिए।




