जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में सोमवार सुबह 2 पक्षों में हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान रिटायर्ड आर्मी जवान ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दी। इससे एक युवक घायल हो गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने रिटायर्ड आर्मी जवान और उसके भाई को हिरासत में लिया है। मामला जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक रिटायर्ड आर्मी जवान गुलशन श्रीवास का भाई हिमांशु श्रीवास किराना दुकान चलाता है। सुबह करीब 10 बजे विकास नगर निवासी शैलेंद्र साहू अपने साथियों के साथ किराना स्टोर के पास पहुंचकर गाली-गलौज कर रहा था। हिमांशु श्रीवास ने उन्हें मना किया। ऐसे में दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। इसी दौरान गुलशन श्रीवास ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से पंकज कश्यप पर गोली चला दी।
गोली पंकज कश्यप के पैर (जांघ) में लगी, जिसके बाद उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया है, फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके सहयोगी भाई को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।




