रायपुर। छत्तीसगढ़ बोर्ड की 12वीं केहिंदी पेपर लीक मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड वेणु उर्फ वेणु जंघेल को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। परीक्षा के एक दिन पहले वेणु ने ही पेपर लीक किया था और 3 हजार रुपए लेकर छात्रों को प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया था। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी एनएसयुआई से जुड़ा है और सोशल मीडिया पर कई दिग्गज कांग्रेसी नेताओं के साथ इसकी तस्वीरें भी हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी वेणु उर्फ वेणु जंघेल बेमेतरा जिले के ग्राम बरसरा का रहने वाला है और फिलहाल रायपुर के गोकुल नगर इलाके में रह रहा था। 12वीं बोर्ड का हिंदी पेपर 13 मार्च की रात टेलीग्राम पर लीक हुआ, जिसके बाद 14 मार्च को परीक्षा हुई। पेपर लीक की जानकारी परीक्षा के बाद मिली, जिसके कारण इसे रद्द कर 10 अप्रैल को दोबारा आयोजित की गई।
12वीं हिंदी परीक्षा का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कोतवाली थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। स्पेशल टीम को जांच के लिए लगाया गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पेपर लीक से जुड़े लोग मोबाइल चैट, सोशल मीडिया रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सबूत मिटाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बाद साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से डिलीटेड डेटा रिकवर किया गया और कई छात्रों से पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची।




