कटक ए.। ओडिशा में कटक के श्रीराम चंद्र भांजा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सोमवार तड़के 3 बजे भीषण आग लग गई। हादसे में 10 मरीजों की मौत हो गई है। इस दौरान अस्पताल के 11 कर्मचारी भी घायल हो गए हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी। घटना की सूचना के बाद सीएम मोहन चरण मांझी सुबह घायलों को देखने के लिए हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिवारों को 25-25 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है। साथ ही हादसे की हाई लेवल जांच का आदेश दिया है।

ओडिशा के कटक में सोमवार तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। ओडिशा के कटक शहर में सीएम श्रीराम चंद्र भांजा मेडिकल कॉलेज में भीषण आग लगी। आग पहली मंजिल पर ट्रॉमा केयर के ICU में लगी थी। यहां करीब 23 मरीज भर्ती थे। उन्हें बचाने में अस्पताल के कम से कम 11 कर्मचारी झुलस गए। इस घटना में अब तक 10 मरीजों की मौत हो चुकी है। श्रीराम चंद्र भांजा मेडिकल कॉलेज कटक का सबसे बड़ा अस्पताल है। यहां पूरे राज्य से लोग इलाज करवाने के लिए आते हैं।
मामले को लेकर एक अधिकारी ने बताया, आग अस्पताल के ट्रॉमा केयर विभाग के आईसीयू में भड़की थी और देखते ही देखते आग ने बड़ा रूप ले लिया। यहां उन मरीजों का इलाज चल रहा था जिनकी हालत बहुत गंभीर थी। 7 मरीजों की मौके पर मौत हो गई और 3 की इलाज के दौरान। मरीजों को बचाते हुए 11 कर्मचारी भी झुलस गए है। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत अस्पताल पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने अभियान चलाकर आग पर काबू पाया।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी पहुंचे अस्पताल
हादसे की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वहां के हालात का जायजा लिया और भर्ती मरीजों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट-सर्किट हो सकती है। आग ने ट्रॉमा केयर आईसीयू के साथ-साथ पास के कुछ और वार्डों को भी अपनी चपेट में ले लिया था। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मौके से ही 25-25 लाख रुपए के मुआवजे का एलान किया है।




