हरिद्वार। उत्तराखंड में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही यात्रियों से भरी बस मंगलवार सुबह गूलर के पास हादसे का शिकार हो गई। बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। जबकि एक घायल की ऋषिकेश एम्स पहुंचने में मौत हो गई।
गूलर बाजार के समीप हुए इस हादसे के समय बस में करीब 30 से 35 लोग सवार थे। बताया गया कि विश्वनाथ सेवा की यह बस सुबह 3:30 बजे हरिद्वार से रवाना हुई थी। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर बस दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी और ढालवाला की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि हादसे में चार लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि दो अन्य लोग खाई में गिरे हुए हैं। उन्हें निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 20 घायलों को बस से बाहर निकाला जा चुका है। इनमें से 19 घायलों को तत्काल उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। अन्य घायलों को ऋषिकेश के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमें भी घटनास्थल पर भेजी गई हैं। मौके पर पुलिस बल मौजूद है। एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें समन्वय बनाकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। रेस्क्यू अभियान जारी है।





