सौरभ चंद्राकर के सपोर्ट में केस निपटाने 15 करोड़ लेने का आरोप
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में ईडी ने दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित पाठक को गिरफ्तार किया है। सोमवार को हुई इस गिरफ्तारी के बाद वकील को देर रात PMLA स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया। आधीरात तक चली बहस के बाद कोर्ट ने वकील हिमांशु को 6 दिन के लिए ईडी की रिमांड पर भेज दिया है। हिमांशु पाठक पर महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में 15 करोड़ रुपये की रिश्वत लेकर केस निपटाने का आरोप है। बताया जा रहा है पहली बार रायपुर में आधीरात को सुनवाई हुई। अब ईडी 28 नवंबर तक आरोपी से पूछताछ करेगी।
बता दें जांच एजेंसी ने महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को 13 नवंबर को कस्टोडियल रिमांड पर लिया था। उससे 19 नवंबर तक चली पूछताछ के दौरान वकील हिमांशु शेखर का नाम सामने आया। पूछताछ में सौरभ ने खुलासा किया कि उसने अपने खिलाफ दर्ज मामलों को खत्म करवाने के लिए वकील को 15 करोड़ रुपये सौंपे थे। जांच अधिकारियों के अनुसार आरोपी वकील पिछले तीन वर्षों में कई बार दुबई गया था और वहां उसकी मुलाकात सौरभ चंद्राकर से हुई थी। जांच एजेंसी अब इन मुलाकातों और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर रही है।





