रायपुर, Raipur. राजधानी में दो साल से लापता नाबालिग को सकुशल बरामद करने में पुलिस को सफलता मिली है। टिकरापारा क्षेत्र की एक नाबालिग ने दो साल पहले मोबाइल चलाने की आजादी नहीं मिलने पर अपना घर छोड़ दिया था। इसके बाद वह गोरखपुर में अपने एक फेसबुक फ्रेंड के साथ रही थी। पुलिस ने काफी तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। हाल ही में नाबालिग ने अपने रिश्तेदारों को फोन किया तो उसकी लोकेशन ट्रेस हुई। पुलिस की एक टीम गोरखपुर पहुंची और नाबालिग को सकुशल बरामद कर फेसबुक फ्रेंड के गिरफ्तार कर लिया है।
टिकरापारा पुलिस ने मिली जानकारी के अनुसार यहां की 16 वर्षीय किशोरी 2021 से लापता थी। किशोरी के लापता होने पर उसके पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। पुलिस ने किशोरी की तलाश के लिए अलग अलग शहरों में टीम भेजी लेकिन कुछ पता नहीं चला। इस बीच कुछ दिन किशोरी ने रिश्तेदारों को फोन कर भैरोपुर के ग्राहक सेवा केंद्र संचालक के खाते में रुपए मंगाए।
इसके बाद पुलिस को नाबालिग की लोकेशन मिल गई। टिकरापारा पुलिस की एक टीम गोरखपुर पहुंची और पहले ग्राहक सेवा केन्द्र में दबिश दी। यहां के संचालक से पूछताछ में उसने बताया कि नाबालिग भैरोपुर निवासी सोनू कुमार के साथ रहती है। इसके बाद पुलिस ने सोनू कुमार के घर से किशोरी को बरामद कर लिया। पुलिस की पूछताछ में सोनू ने बताया कि फेसबुक के माध्यम से उसकी किशोरी से दोस्ती हुई थी। दो साल पहले वह परिजनों से नाराज होकर गोरखपुर आ गई थी।
किशोरी ने बताया पाबंदियों से थी परेशान
पुलिस की पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह अपने घर पर पाबंधियों से परेशान थी। उसके घर वाले उसे मोबाइल चलाने से रोकते थे। वह नौकरी भी करना चाहती थी लेकिन घर वाले उसे नौकरी करने की परमीशन भी नहीं दे रहे थे। किशोरी ने बताया कि इससे परेशान होकर उसने घर छोड़ दिया था। इधर पुलिस ने नाबालिग का बयान लेने बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने नाबालिग के फेसबुक फ्रेंड को भी गिरफ्तार कर लिया है।




