वॉशिंगटन। अमेरिका में कोरोना वायरस से शुक्रवार को 1480 लोगों की मौत हुई है और इस वायरस से किसी भी देश में एक दिन में मौत का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे एक दिन पहले अमेरिका में 1,169 लोगों की मौत हुई थी। जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी ट्रैकर के मुताबिक, गुरुवार रात 8.30 बजे से शुक्रवार रात 8.30 बजे के बीच 1,480 लोगों की मौत हो गई है। अब तक पूरे अमेरिका में मरने वालों की संख्या 7 हजार का आंकड़ा पार कर चुका है। सबसे अधिक मौतें न्यूयॉर्क में हुई हैं जहां 3 हजार से अधिक कोविड19 मरीजों की मौत हुई है।
उधर, बेहतर गुणवत्ता वाली चिकित्सा सामग्री की कमी को लेकर मेडिकल स्टाफ प्रदर्शन पर उतर आया है। न्यूयॉर्क और कैलिफॉर्निया राज्य में जगह-जगह तख्ता और बैनर लिए नर्सों और अन्य हेल्थ स्टाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी मांग है कि सरकार उन्हें बेहतर उपकरण उपलब्ध कराए क्योंकि अगर इसके अभाव में उनकी जान चली गई तो फिर लोगों को बचाना मुश्किल हो जाएगा।
अमेरिका में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। पूरे देश में 276,500 लोग कोरोना की चपेट में हैं। अब स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए सेना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उल्लेखनीय है कि अब तक सेना सिर्फ मेकशिफ्ट अस्पतालों को बनाने और मेडिकल आपूर्ति के काम में लगी हुई थी। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा युद्ध जैसी इस स्थिति से लड़ने के लिए कोई भी बेहतर तरीके से तैयार नहीं है। उन्होंने कहा, हम कोरोना वायरस से लड़ने में अपने प्रयास के तहत सेना की जिम्मेदारी बढ़ाने जा रहे हैं। क्योंकि इस युद्ध जैसी स्थिति से लड़ने के लिए कोई बेहतर तरीके से तैयार नहीं है। एक अदृश्य दुश्मन सामने खड़ा है।



