नई दिल्ली। सीरम संस्थान के सीईओ अदार पूनावाला एक बार फिर सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि पुणे में सीरम संस्थान ने कोविशील्ड का उत्पादन बढ़ा दिया है। टीके के उत्पादन में आई तेजी का असर जल्द ही देखने को मिलेगा और जब वह स्वदेश लौटेंगे तो इसकी समीक्षा की जाएगी। पूनावाला ने शनिवार देर रात एक ट्वीट कर कहा कि ब्रिटेन में अपने सभी साझेदारों और शेयरधारकों के साथ शानदार बैठक हुई। इस बीच यह बताते हुए खुशी हो रही है कि पुणे में कोविशील्ड का उत्पादन पूरे जोर से चल रहा है। कुछ दिनों में लौटने पर मैं काम की समीक्षा करने के लिए उत्साहित हूं।
बता दें कि इससे पहले पूनावाला ने देश में कोरोना की दूसरी लहर के कारण टीके की मांग बढऩे पर उत्पादन बढ़ाने को लेकर दबाव बनाए जाने की बात कही थी। उन्होंने यहां तक कहा था कि कुछ प्रभावशाली लोग टीके उपलब्ध कराने के लिए उन पर दबाव बना रहे हैं साथ ही उन्हें धमकी भरे फोन कॉल आ रहे हैं। पिछले दिनों धमकी भरे फोन कॉल की शिकायत के बाद गृह मंत्रालय ने पूनावाला को वाय श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराई थी।
पत्नी और बच्चों के साथ लंदन में हैं पूनावाला
बता दें कि सीआईआई भारत में ऑक्सफोर्ड/ एस्ट्राजेनका की कोविड-19 वैक्सीन कोविशील्ड वैक्सीन का उत्पादन कर रही है। पूनावाला ने कहा है कि टीके का उत्पादन बढ़ाने के इसी दबाव के चलते ही वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ लंदन आ गए हैं। भारत सरकार के अधिकारियों के अनुसार पूनावाला को संभावित खतरों को देखते हुए सुरक्षा दी गई। देश में किसी भी जगह उनके साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान उनकी सुरक्षा में होंगे। इनमें 4-5 कमांडो होंगे।
कोरोना की काट: सीरम के सीईओ पूनावाला बोले- तेज हुआ टीके बनाने का काम… जल्द देखने को मिलेंगे इसके फायदे




