रायपुर। राजधानी रायपुर में शुक्रवार रात को कारोबारी युवक के अपहरण से हड़कंप मच गया। रात 9 बजे के आसपास फिल्मी स्टाइल में बदमाशों ने युवक को एसयूवी में बिठाया और लेकर चले गए। जैसे ही पुलिस को अपहरण की सूचना मिली पूरे शहर की नाकेबंदी कर दी गई। रात भर की तलाश के बाद आधी रात के बाद कवर्धा में युवक सकुशल मिला। यह वारदात डंगनिया मोड़ सुंदर नगर इलाके में हुई। युवक के मिलने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।

मिली जानकारी के अनुसार इंटीरियर प्रोडक्ट्स की दुकान चलाने वाले सिद्धार्थ नाम के युवा कारोबारी अपनी दुकान में बैठा था। इस दौरान रात करीब 9 बजे दुकान के बाहर SUV आकर रुकी। एसयूवी से तीन से चार लोग उतरे और दुकान में घुस का सिद्धार्थ से मारपीट की। चारों बदमाश सिद्धार्थ को एसयूवी में बिठाकर ले गए। घटना की सूचना के बाद डीडी नगर पुलिस ने रायपुर, लाखेनगर, पुरानी बस्ती, टिकरापारा आदि क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी। इसके बाद कारोबारी की तलाश शुरू कर दी। रात एक बजे पुलिस को सूचना मिली कि कारोबारी सिद्धार्थ को अपहरणकर्ता कवर्धा में छोड़कर फरार हो गए है।
इधर राजधानी के अति व्यस्थ क्षेत्र से इस तरह किसी कारोबारी का अपहरण होने से व्यापारियों में आक्रोश है। पुलिस का मानना है कि अपहरण के पीछे रुपए के लेनदेन का मामला हो सकहा है। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चला है कि कारोबारी का अपहरण करने वाले कौन है। फिलहाल पुलिस इसके सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।




