बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में जज को परिवार के साथ जान से मारने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। जज को एक बंद लिफाफा मिला जिसमें यह धमकी भरा पत्र मिला। पत्र भेजने वाले ने खुद को नक्सली बताते हुए 3 करोड़ रुपए की फिरौती भी मांगी है। इस मामले में जज ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। मामला बालोद जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार गुंडरदेही में पदस्थ प्रथम न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रशांत कुमार देवांगन को एक बंद लिफाफा मिला। लिफाफा खोलने पर एक पत्र मिला जिसमें उन्हें और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। मजिस्ट्रेट ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद अपराध पंजीबद्ध करने के साथ पत्र की जांच करते हुए मजिस्ट्रेट और उसके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पुलिस के अनुसार पत्र लिखने वाले ने खुद को नक्सली बताया है। धमकी के साथ-साथ 3 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस दावे की प्रमाणिकता की जांच कर रही है कि यह वास्तव में नक्सलियों का काम है या किसी शरारती तत्व की साजिश। साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की टीमें पत्र के स्रोत का पता लगाने में जुट गई हैं।




