नईदिल्ली (Shreekanchanpath)। 95वें अकैडेमी अवॉर्ड्स यानी ऑस्कर्स 2023 में भारत ने अपना ढंका बजाया. ऑस्कर 2023 में भारतीय फिल्म RRR ने इतिहास रच दिया है। इस साल डायरेक्टर एसएस राजमौली की फिल्म RRR के गाने नाटू नाटू को बेस्ट ऑरिजिनल सॉन्ग कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला था। गाने ने बेस्ट ऑरिजिनल सॉन्ग का अवॉर्ड जीतकर इतिहास रच दिया। यह अवॉर्ड जीतकर म्यूजिक कम्पोजर एमएम कीरावानी ने भारतीय जनता का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया।

इसके अलावा ऑस्कर्स 2023 में भारत की शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री फिल्म द एलिफेंट व्हिस्परर्स ने भी अवॉर्ड जीता। प्रोड्यूसर गुनीत मोंगा की इस फिल्म को खूब प्यार दिया गया। दीपिका पादुकोण इस अवॉर्ड सेरेमनी में बतौर प्रेजेंटर पहुंची थीं। अवार्ड शो के दौरान नाटू नाटू की लाइव परफॉरमेंस भी हुई जिस पर पूरा हॉलीवुड झूम उठा।
इसके अलावा बेस्ट पिक्चर का अवॉर्ड फिल्म एव्रीथिंग एवरीव्हेयर ऑल एट वन्स को मिला। इस फिल्म को 11 कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला था, जिसमें से 7 कैटेगरी में इसने अवॉर्ड जीते। हॉलीवुड एक्ट्रेस मिशेल योह को बेस्ट एक्ट्रेस का ऑस्कर अवॉर्ड मिला। उन्होंने फिल्म एव्रीथिंग एवरीव्हेयर ऑल एट वन्स में दमदार किरदार निभाया है, जिसे ऑस्कर्स 2023 में सराहा गया। मिशेल पहली एशियन एक्ट्रेस हैं जिन्होंने ऑस्कर अवॉर्ड जीता है।
ऑस्कर्स 2023 में बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड हॉलीवुड एक्टर ब्रेंडन फ्रेजर ने जीता। अवॉर्ड लेते हुए ब्रेंडन ने अपनी फिल्म की टीम का शुक्रिया अदा किया। फिल्म एव्रीथिंग एवरीव्हेयर ऑल एट वन्स की डायरेक्टर जोड़ी Daniel Kwan और Daniel Scheinert ने बेस्ट डायरेक्टर का अवॉर्ड जीता। फिल्म एव्रीथिंग एवरीव्हेयर ऑल एट वन्स ने बेस्ट फिल्म एडिटिंग का अवॉर्ड जीता। टॉम क्रूज की फिल्म टॉप गन मेवरिक को बेस्ट साउंड का अवॉर्ड मिला। फिल्म Women Talking को बेस्ट अडाप्टेड स्क्रीनप्ले का ऑस्कर अवॉर्ड मिला। फिल्म एव्रीथिंग एवरीव्हेयर ऑल एट वन्स ने बेस्ट ऑरिजिनल स्क्रीनप्ले का अवॉर्ड जीता। बेस्ट विजुअल इफेक्ट्स का अवॉर्ड अवतार: द वे ऑफ वॉटर ने जीता।




