अहमदाबाद (एजेंसी)। भारतीय टीम ने इंग्लैंड को एकतरफा मुकाबले में चौथा टेस्ट पारी व 25 रनों से हराकर चार मैचों की टेस्ट सीरीज को 3-1 से अपने नाम कर लिया है। चेन्नई में पहला टेस्ट मैच गंवाने के बाद टीम इंडिया ने जबरदस्त वापसी की और आखिरी के तीनों मुकाबले अपने नाम किए। अहमदाबाद में खेला गया आखिरी टेस्ट मैच जीतने के साथ ही भारतीय टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी पहुंच गई है। आईसीसी द्वारा पहली बार हो रहे विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के आयोजन में अब भारत और न्यूजीलैंड पहला फाइनल खेलेंगे। दोनों टीमों के बीच इसी साल 18 जून को लॉड्र्स के ऐतिहासिक मैदान में खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।
टीम इंडिया ने इंग्लैंड को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए चौथे टेस्ट में तीसरे दिन ही पारी और 25 रन से शिकस्त दी। इसी के साथ 4 टेस्ट की सीरीज 3-1 से जीत ली। टीम इंडिया आईसीसी वल्र्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में पहुंच गई। टीम इंडिया को सीरीज जिताने में रोहित शर्मा और ऋषभ पंत के साथ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और अक्षर पटेल की अहम भूमिका रही है। रोहित सीरीज में सबसे ज्यादा 345 रन बनाने वाले भारतीय रहे। दूसरे नंबर पर पंत ने 270 रन बनाए। रोहित ने 161 रन और पंत ने 101 रन की शतकीय पारी भी खेली।
पहली बार हो रही आईसीसी वल्र्ड टेस्ट चैम्पियनशिप में टीम इंडिया अब तक की सबसे सफल टीम रही है। उसने 21 में से सबसे ज्यादा 12 मैच जीते हैं। इंग्लैंड 11 जीत के साथ दूसरे नंबर पर है। टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में 6 सीरीज में से 5 जीती हैं। एक में न्यूजीलैंड से हार मिली। भारतीय टीम ने टूर्नामेंट की अपनी पहली सीरीज में अगस्त 2019 में वेस्टइंडीज को 3-0 से हराया था।
आईसीसी टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में पहुंचा भारत…. चौथे टेस्ट में इंग्लैंड को पारी और 25 रन से हराया




