नई दिल्ली (एजेंसी)। देश में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले चार दिनों से कोरोना के 40 हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। बीते 24 घंटे में 44 हजार से ज्यादा केस सामने आए हैं, जबकि 464 लोगों की मौत हुई है। वहीं, 41 हजार 96 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। देश में अब भी एक्टिव मरीजों की संख्या 4,14,159 है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 44,643 नए मामलों की पुष्टि हुई है। आपको बता दें कि इनमें से करीब 22 हजार केरल में सामने आए हैं। रिकवरी की बात करें तो बीते 24 घंटे में 41,096 मरीजों ने कोरोना महामारी को मात दी है। देश में रिकवरी रेट 97.36 प्रतिशत के करीब है। अभी तक भारत में कुल 3,10,15,844 मरीज या तो स्वस्थ हो चुके हैं या फिर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। हालांकि, एक्टिव केस जरूर राज्य सरकारों के साथ-साथ केंद्र की चिंता बढ़ाने वाली है। फिलहाल देश में 4,14,159 एक्टिव केस हैं, जो कि करीब 1.30 प्रतिशत है। बीते 11 दिनों के आंकड़ों पर अगर गौर करें तो 2.72 प्रतिशत की दर से मामले लगातार बढ़ रहे हैं।
केरल में बढ़ रहे केस
बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा 22,040 मामले केरल में आए। वहीं, सबसे ज्यादा 120 मौतें महाराष्ट्र में हुईं। महाराष्ट्र में नए केस में अचानक बढ़ोतरी देखी गई है। यहां 9,026 केस आए। इससे पहले 20 जुलाई को 9,389 मरीज मिले थे। केरल में गुरुवार को 22,040 लोग संक्रमित पाए गए। 19,478 लोग ठीक हुए और 117 लोगों की मौत हो गई। यहां अब तक 34.93 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 32.97 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 17,328 लोगों की मौत हुई है।
इन राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 8 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं। हालांकि, 23 राज्यों में आंशिक लॉकडाउन लागू है।




