भिलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस द्वारा बढ़ती महंगाई व केन्द्र सरकार के खिलाफ एक ऑडियो जारी किया है। गुरुवार को प्रदेश भर में ऑडियो को लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को सुनाया गया। इस ऑडियों में केन्द्र सरकार की महंगाई के खिलाफ नाकामी को बताया गया है। प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई की अध्यक्ष तुलसी साहू के नेतृत्व में ब्लॉक स्तर पर लाउडस्पीकर के माध्यम से यह ऑडियो लोगों को सुनाकर अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, सभी प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों, स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई की अध्यक्ष तुलसी साहू ने बताया कि देश में महंगाई अपने चरम पर है। केन्द्र सरकार पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस से अपना खजाना भर रही है। आज आम आदमी का दर्द महंगाई है और केन्द्र सरकार महंगाई को रोकने में पूरी तरह से विफल हो गई है। आम लोगों को पेट्रोल डीजल से लेकर खाद्य तेलों की महंगाई ने कहीं का नहीं छोड़ा है। ईंधन के दामों में लगातार हो रही बढ़ोत्तरी ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। तुलसी साहू ने कहा है कि केन्द्र की मोदी सरकार के नेतृत्व में आज देश सर्वाधिक महंगाई का दंश झेल रहा है।





