नई दिल्ली (एजेंसी)। देश में पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 12,286 नए मामले सामने आए। इसके बाद कुल संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 1.11 करोड़ के पार चला गया है। अब देश में संक्रमित मामलों की संख्या 1,11,24,527 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि पिछले 24 घंटे में 91 लोगों ने इस खतरनाक वायरस के आगे अपना दम तोड़ दिया है। इसके बाद देश में कोरोना से मरने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 1,57,248 हो गई है। यही नहीं कुछ दिनों से लगातार कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या संक्रमित मरीजों से कम आ रही है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 12,464 मरीज कोरोना वायरस को हराकर अपने घर वापस लौटे हैं। अब तक देश में कोरोना वायरस से ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 1,07,98,921 हो गया है। वहीं देश में सक्रिय मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मौजूदा समय में देश में कोरोना के सक्रिय मामले यानि कि ऐसे मरीज जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है, उनका आंकड़ा बढ़कर 1,68,358 हो गया है। हालांकि अभी भी ये आंकड़ा दो लाख से कम है लेकिन रोजाना सक्रिय मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। इसके अलावा देश में कोरोना वैक्सीनेशन के दूसरे चरण की शुरुआत हो चुकी है।
भारत में पिछले 24 घंटे में सामने आए 12,286 नए मामले…. 91 लोगों की हुई मौत




