कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में बस्तर फाइटर्स की वॉर ट्रेनिंग के दौरान शुक्रवार आईईडी ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में दो जवान घायल हो गए। घायल जवानों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ब्लास्ट के कारण जो पत्थर उड़े उसके टुकड़े जवानों को लगे और इस वजह से वे घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि जवानों के कमर और पैर में चोटें आई हैं। जंगलवार कॉलेज में जवानों की ट्रेनिंग के दौरान यह ब्लास्ट हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार बस्तर फाइटर्स के जवान अपनी 45 दिन की अंतिम ट्रेनिंग के दौर में हैं। इस दौरान उन्हें शुक्रवार को जंगल मे लड़ाई की ट्रेनिंग दी जा रही थी। जवानों के ऊपर से लगातार गोलियां बरसाई जा रही थीं। वही उनके नजदीक आईईडी भी ब्लास्ट हो रहे थे। इसी दौरान जवान शंकर लाल और ललित कुमार के कमर व पैर में ब्लास्ट के कारण उड़े पत्थर के टुकड़े जा लगे। पत्थरों से चोट लगने के कारण दोनों जवानों का काफी खून बहने लगा। इस पर दोनों जवानों को तत्काल ही एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि वहां दोनों जवानों की हालत स्थिर बनी हुई है।




