कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। बस और कार में भिड़ंत में मरवाही विधायक केके ध्रुव के बेटे ई. प्रवीण कुमार समेत तीन की मौत हो गई। तीनों बिजली विभाग में कार्यरत थे। हादसा इतना भयानक था कि बस से भिड़़ंत के बाद विधायक पुत्र और उनके दोस्तों का शव कार में ही फंस गया था। जिसे सोमवार देर रात घंटों मशक्कत के बाद पुलिस ने गैस कटर से कार की बॉडी काटकर बाहर निकाला।

मिली जानकारी के अनुसार हादसा कटघोरा थाना क्षेत्र के बरपाली के पास करीब 2 बजे के आसपास हुआ है। कोरबा में सोमवार आधी रात हुए इस दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने बताया कि विधायक पुत्र प्रवीण कुमार धु्रव अपने साथियों जूनियर इंजीनियर कुशल कुमार कंवर और ठेका श्रमिक शंकर सिंह पोर्ते के साथ बिंझरा गए थे। वहां से देर रात करीब 1.30 बजे सभी कार से बांगो लौट रहे थे। बरपाली के पास पहुंचे थे कि पेट्रोल पंप के सामने अंबिकापुर की ओर से आ रही रॉयल बस से भिड़ंत हो गई।
सीएम बघेल ने जताया दु:ख
सड़क हादसे में विधायक केके धु्रव के पुत्र की मौत की सूचना मिलते ही क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और लोग बड़ी संख्या में विधायक के निवास पहुंचकर दु:ख जताया। हादसे पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुख जताया है। फेसबुक पोस्ट पर सीएम ने लिखा कि मरवाही विधायक डॉ. केके ध्रुव के पुत्र ई. प्रवीण कुमार ध्रुव की कार दुर्घटना में मृत्यु की बहुत ही दुखद सूचना प्राप्त हुई है। वे विद्युत विभाग में इंजीनियर थे। ईश्वर से दिवंगत बेटे की आत्मा की शांति एवं परिवारजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।




