भिलाई। भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में कार सवार दो युवकों की जान चली गई। दोनों मृतक भिलाई टाउनशिप में सेक्टर 4 के रहने वाले हैं। दुर्घटना देर रात लगभग 1 बजे कोसा नाला टोल प्लाजा के पास घटित हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
मिली जानकारी के अनुसार कार सवार युवक देर रात सुपेला क्षेत्र से गुजर रहे थे। जैसे ही उनकी कार कोसा नाला टोल प्लाजा के समीप पहुंची, अचानक चालक कार पर से अपना नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे सड़क किनारे स्थित पेड़ से जा टकराया। हादसे में सेक्टर 4 निवासी प्रतीक ठाकुर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, कार में सवार दूसरे युवक भास्कर को गंभीर अवस्था में तत्काल बीएम शाह अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान आज दोपहर उसने भी दम तोड़ दिया।
कार की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि दुर्घटना के समय वाहन की गति काफी तेज थी। अत्यधिक रफ्तार होने के कारण चालक समय रहते वाहन को संभाल नहीं सका और यह बड़ा हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलने पर सुपेला थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है तथा मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना से मृतकों के परिजनों और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर छा गई है।



