धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में होमगार्ड ने अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार रात को घर पर खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने गया और दूसरे दिन बुधवार की सुबह उसकी फंदे पर लाश मिली। घटना के बाद घर पर मातम का माहौल है। यह पूरा मामला जिले के रुद्री थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार कलेक्ट्रेट बंगले में तैनात होम गार्ड वासुदेव सिन्हा (31) अपनी पत्नी के साथ गंगरेल के सरकारी क्वार्टर में रहता था। होमगार्ड शराब का आदी थी और रोज शराब पीकर घर पहुंचता था। मंगलवार शाम को जब ड्यूटी से लौटा तो घर पर पत्नी से इसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद पत्नी अलग कमरे में और होम गार्ड अलग कमरे में सोने चला गया। इसके बाद सुबह उसकी लाश मिली। शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे आत्महत्या माना है। पुलिस का कहना है कि शराब के नशे में पत्नी से विवाद के बाद होम गार्ड ने फांसी लगा ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल रुद्री थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।




