नई दिल्ली (एजेेंसी)। भारत में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच ठीक होने वालों की संक्या 17 लाख के करीब पहुंच गई है। गुरुवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक भारत में पिछले 24 घंटे में अब तक सबसे अधिक 56383 मरीज ठीक हुए हैं। इसी के साथ ठीक होने वालों का कुल आंकड़ा 1695982 पहुंच गया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने माने तो कोरोना वायरस संक्रमण मामले की मृत्यु दर में भी सुधार हुआ है और यह अब दो फीसदी से नीचे आकर 1.96 प्रतिशत हो गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण से 942 लोगों की जान गई है। इसी के साथ कुल मौत का आंकड़ा 47033 पहुंच गया है। वहीं, एक्टिव केस की बात करे तो फिलहाल पूरे देश में 653622 मरीजों का इलाज चल रहा है। इसमें कुछ अस्पताल में है तो कुछ का घर पर ही इलाज किया जा रहा है।
देश में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के रिकॉर्ड 66,999 मामले सामने आए हैं और इसी के साथ बृहस्पतिवार को संक्रमण के मामले बढ़कर 2396637 हो गए। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के अनुसार देश में 12 अगस्त तक कुल 2,68,45,688 नमूनों की जांच की गई। इनमें से बुधवार को 830391 नमूनों की जांच की गई, जो एक दिन में जांच की सर्वाधिक संख्या है।
संक्रमण से पिछले 24 घंटे में हुई 942 मौतों में से, महाराष्ट्र में 344, तमिलनाडु में 119 , कर्नाटक में 112, आंध्र प्रदेश में 93, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में 54-54, पंजाब में 39, गुजरात में 18, मध्य प्रदेश में 15, दिल्ली में 14 और तेलंगाना और राजस्थान में 11-1 1लोग शामिल हैं।




