कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बीती रात बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाइवा से टकराने से कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई। यह हादसा दर्री कोरबा मार्ग में भवानी मंदिर के पास का बताया जा रहा है। देर रात हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों युवकों के शवों को मरच्यूरी में रखवाया। वहीं पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार-रविवार की दरमियानी रात लगभग 2 बजे यह हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार कार क्रमांक सीजी 11 बीएच 7788 सवार तीन युवक दर्री हसदेव बराज पर बने नए पुलिस से गुजर रहे थे। इस दौरान सामने से एक हाइवा भी तेज रफ्तार से आ रही थी। पुल पर मवेशी बैठे हुए थे और कार सवार मवेशियों को बचाते हुए हाइवा से भिड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

हादसे की सूचना आसपास के लोगों ने डायल 112 को दी। मौके पर पहुंची 112 की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे तीनों युवकों को बाहर निकाला लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मृतकों की पहचान यश गोयल (28) निवासी एसएस ग्रीन कोरबा, दीपक सिंह (22) निवासी राताखार व रुपेश गोयल (28) निवासी डीडीएम रोड कोरबा के रूप किया है। तीनों युवक यहां के व्यापारी परिवार के हैं और हादसे से इनके घरों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने बताया कि रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंपा जाएगा।




