लिस्बन (एजेंसी)। कोरोना वायरस को मात देने के लिए बनी फाइजर की वैक्सीन लगाने के बाद एक महिला की मौत हो गई है। 41 साल की महिला पेशे से स्वास्थ्य कर्मचारी थी। डेलीमेल की रिपोर्ट के अनुसार, मृतका का नाम सोनिया एसेवेदो है। वैक्सीन लगाने के 48 घंटे बाद नए साल के दिन उनकी घर पर ‘अचानक मौत’ हो गई।
पोर्तुगीज इंस्टीट्यूट ऑफ ऑन्कोलॉजी के पोर्टो में पीडियाट्रिक्स विभाग में काम करने वाली दो बच्चों की मां में वैक्सीन लगने के बाद किसी तरह के दुष्परिणाम दिखाई नहीं दिए थे। एसेवेदो के पिता अबिलियो एसेवेदो ने पुर्तगाली दैनिक कोरेरियो डा मनहा से कहा, ‘वह ठीक थी। उसे कोई स्वास्थ्य समस्या नहीं थी।
उन्होंने कहा- ‘सोनिया में कोरोना के लक्षण भी नहीं थे। मैं नहीं जानता कि क्या हुआ। लेकिन मुझे जवाब चाहिए। मुझे जानना है कि किस वजह से मेरी बेटी की मौत हुई? पुर्गताल के अस्पताल ने पुष्टि की है कि 30 दिसंबर को सोनिया को वैक्सीन लगाई गई थी। इसके बाद अस्पताल को किसी भी प्रकार के दुष्परिणाम की जानकारी नहीं दी गई थी।
अस्पताल ने एक बयान जारी कर कहा, 1 जनवरी, 2021 को पोर्टो आईपीओ से एक परिचालन सहायक की अचानक मृत्यु के संबंध में, निदेशक मंडल ने इस घटना की पुष्टि की और परिवार और दोस्तों को हुए नुकसान के प्रति संवेदना व्यक्त की। इन परिस्थितियों में मौत के कारण की व्याख्या के लिए सामान्य प्रक्रियाओं का पालन किया जाएगा।




