-दीपक रंजन दास
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर भारतीय जनता पार्टी हमेशा से यह आरोप लगाती रही है कि वह सत्ता में बने रहने के लिए मुफ्त की रेवडिय़ां बांटती है। इससे जनता की आदतें खराब हो रही है। बीपीएल परिवारों को मुफ्त का राशन दिये जाने को लेकर भी यही आरोप उद्योगजगत लगाता है। भवन निर्माण ठेकेदारों से लेकर मजदूरों के सहारे रिजक कमाने वाले तकरीबन सभी लोगों का कहना है कि बीपीएल परिवारों को मुफ्त राशन देने के कारण उन्हें मजदूर नहीं मिल रहे। वैसे इन लोगों से सवाल पूछा जा सकता है कि वे मजदूरों को समझते क्या हैं? मजदूरों को दिन भर खटाने के बदले क्या देते हैं? क्या मजदूरी इतनी होती है कि वह परिवार को ढंग का खाना खिला सके? क्या मजदूरी इतनी होती है कि उनके बच्चे अच्छे स्कूलों में पढ़ सकें, ढंग के कपड़े पहन सकें? क्या मजदूरों को इतना मिलता है कि घायल होने या बीमार पडऩे पर वह अपना इलाज करा सके। यदि इन सभी सवालों के जवाब ना में हैं तो मजदूरों की अनिच्छा को आलस्य नहीं कहना चाहिए। भाजपा सिद्धांतत: आरक्षण और मुफ्त की रेवडिय़ों के खिलाफ है। पर अब मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार लाड़ली बहनों को 1250 रुपए प्रतिमाह देगी। यह राशि आगे 3000 रुपए तक जाएगी। मुफ्त की ऐसी ही रेवडिय़ों की घोषणा भाजपा की प्रत्येक राज्य सरकार कर रही है। वैसे भाजपा ने केन्द्र का एक चुनाव तो यह कहकर जीता था कि कालाधन वापस आएगा। यह धन इतना होगा कि प्रत्येक नागरिक के खाते में लाखों रुपए आएंगे। अब आते हैं छत्तीसगढ़ के मसले पर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी छत्तीसगढ़ आए थे। कुछ नेताओं ने इस मौके पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। भाजपा के बड़े नेता धरमलाल कौशिक ने जहां कहा कि कांग्रेस छत्तीसगढ़ को अपराधगढ़ बना रही है, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान बस्तर बंद के आह्वान को लेकर कांग्रेस पर ओछी राजनीति करने का तंज कसा। यह आरोप भी लगाया कि जो लोग गौठान नहीं चला पा रहे, वो स्टील प्लांट क्या चलाएंगे। उनका इशारा नगरनार स्टील प्लांट की तरफ था। प्रधानमंत्री मोदी इसीका लोकार्पण करने आए थे। स्वयं प्रधानमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम मुख्यमंत्री भूपेश बघेल या उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव नहीं आए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ से कांग्रेस की सरकार जा रही है। वो इतना डरे हुए हैं कि इस कार्यक्रम में आने के लिए समय नहीं निकाल पाए। दूसरा कारण उन्होंने यह गिनाया कि आकंठ भ्रष्टाचारी मोदी से आंख नहीं मिला सकते। भूपेश ने भी दो बातें कहीं। पहली यह कि प्रधानमंत्री नगरनार का स्टील प्लांट निजी हाथों में न सौंपें। मिलेट्स, वनोपज खरीदी, वैल्यू एडिशन, रोजगार सृजन जैसे मुद्दों पर मुख्यमंत्री ने केन्द्र और डबल इंजन सरकार पर तीखे व्यंग्य किये। साथ ही विकास कार्यों को लेकर भाजपा पर तंज कसते हुए यह कह दिया कि ‘हे डबल इंजन! तुमसे न हो पाएगा।’
Gustakhi Maaf: रुख से हट रहा नकाब आहिस्ता-आहिस्ता





