भिलाई। दुर्ग जिले के उतई थाने में पदस्थ प्रशिक्षु डीएसपी ने गांजा तस्करी करते एक युवती को पकड़ा है। युवती डोंगरगांव जिला राजनांदगांव की रहने वाली है और रायपुर से गांजा लेकर डोंगरगांव बेचने जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर प्रशिक्षु डीएसपी आकांक्षा पाण्डेय ने हमराह स्टाफ के साथ घेराबंदी कर युवती को गिरफ्तार किया। युवती के कब्जे से 9 किलो 450 ग्राम गांजा, 1750 रुपए नगदी और स्कूटी जब्त की है। उतई पुलिस द्वारा युवती के खिलाफ धारा 20ख, 27क एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
प्रशिक्षु डीएसपी आकांक्षा पाण्डेय ने बताया कि शुक्रवार की सुबह 6.10 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि डोंगरगांव राजनांदगांव निवासी कु निकिता ठाकुर अपने वाहन मेस्ट्रो क्रमांक सीजी 07 BX 7122 से भारी मात्रा में गांजा लेकर अपने घर जा रही है। सूचना के बाद पुलिस की टीम ने घेराबंदी की और स्कूटी सवार युवती को डुमरडीह नहर पुल के सामने रोका गया। तलाशी लेने पर युवती के मेस्ट्रो में भूरे रंग का बैग मिला जिसमें 9 किलो 450 ग्राम गांजा भरा हुआ था। गांजा के अलावा युवती के पास से 1750 रुपए नगदी और स्कूटी जब्त किया गया।
पढ़ाई के साथ गांजा तस्करी करती रही युवती
पूछताछ में युवती जो खुलासे किए उससे पुलिस भी हैरान रह गई। युवती ने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से गांजे की खरीद फरोख्त कर रही है। पढ़ाई करते करते महासमुंद तथा रायपुर जिले के अलग अलग स्थानों से गांजा खरीद कर राजनांदगांव क्षेत्र में लोगो को बेचती रही है। युवती ने बताया कि शुक्रवार को उसने रायपुर पचपेड़ी नाका ओव्हरब्रिज के पास से 10 किलो गांजा खरीदी थी और उसे डोंगरगांव राजनांदगाव करने ले जा रही थी। पुलिस ने आरोपी युवती के पास से गांजा व नगदी सहित कुल 1,61,750 रुपए का मशरुका बरामद किया है।




