रायपुर। एम्स, रायपुर के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के तत्वावधान में ओपीडी ब्लॉक में ब्रेस्ट लम्प्स (स्तन गांठ) और सर्वाइकल कैंसर (ग्रीवा कैंसर) जांच के लिए 11 अगस्त (बुावार) को प्रात: 9 बजे से सायं 4 बजे तक नि:शुल्क जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है । जांच शिविर में आने वाली महिलाओं के लिए विभाग, परामर्श सत्र भी आयोजित करेगा। इस शिविर का उद्देश्य आम जनमानस में इस रोग के प्रति जागरूकता लाना और प्रमुख हितधारकों को ब्रेस्ट एवं सर्वाइकल कैंसर की नियमित जाँच सुनिश्चित किया जाना है।
विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) सरिता अग्रवाल ने बताया कि कैंसर एक जन स्वास्थ्य समस्या बन गई है और प्रति वर्ष देशभर में इसके 8 से 9 लाख मामले सामने आ रहे हैं । छत्तीसगढ़ में भी विगत वर्षों में इस रोग के मरीजों कि संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिली है । भारतीय महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर (स्तन कैंसर) और सर्वाइकल कैंसर (ग्रीवा कैंसर) अत्यंत सामान्य कैंसर हैं। इसका एक प्रमुख कारण है देश भर में ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर के जाँच कार्यक्रमों में कमी के कारण इस रोग के बारे में जानकारी और इसके प्रति जागरूकता का अभाव है।
प्रो. (डॉ.) सरिता अग्रवाल ने कहा कि एम्स द्वारा इस दिशा में पहल करते हुए उक्त शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर के माध्यम से ऐसी महिलाएं जिनमें स्तन कैंसर के लक्षण जैसे स्तन में गांठो का उभरना, कड़ापन, स्तन के आकार, आकृति एवं रंग में परिवर्तन, असामान्य दर्द तथा सर्वाइकल कैंसर के प्रारंभिक लक्षण यथा बच्चे दानी से गंदे पानी का रिसाव, माहवारी का अनियमित होना, कमर या पैर में अधिक दर्द होना या पेशाब में रुकावट है, उक्त लक्षणों वाली महिलाएं अपनी जांच करा कर स्वास्थ्य लाभ ले सकती हैं।




