भिलाई। दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में ठगी के चार आरोपियों को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली है। अमलेश्वर पुलिस ने इस मामले में एक ही परिवार के चार लोगों को गिरफ्तार किया है। शातिरों ने क्षेत्र के बेरोजगारों को नौकरी लगाने के नाम पर डेढ़ करोड़ से ज्यादा की ठगी की। लंबे समय से फरार आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए। सभी आरोपियों को पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में 16 नवंबर 2022 को नायकबांधा तहसील अभनपुर जिला रायपुर निवासी नरेन्द्र देशलहरे ने शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि अमलेश्वर निवासी मिलाप लहरे, यशवंत लहरे, गजेन्द्र लहरे व पुर्णिमा लहरे ने सरकारी नौकरी लगाने का झांसा दिया था। इनकी बातों में आकर नरेन्द्र देशलहरे सहित मुकेश देशलहरे, यशवंत देशलहरे, झम्मन देशलहरे, चंद्रकला भारती, कंचन बंजारे, नुनकरण कोसले, रेणुका व गजेन्द्र ने रुपए दे दिए। सभी ने मिलकर इन लोगों को कुल 1 करोड़ 81 लाख रुपए ले लिए।
रुपए लेने के बाद किसी को भी नौकरी नहीं मिली। इस बीच प्रार्थी ने अपने रुपए मांगे तो ने इन लोगों ने देने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ितों से इन लोगों ने गाली गलौच भी की। मामले में प्रार्थी की शिकायत के बाद धारा 420, 294, 34 के तहत अपराध दर्ज किया गया। एफआईआर का पता चलते ही चारों आरोपी फरार हो गए थे। लंबी तलाश के बाद गुरुवार को मुखबिर से चारों आरोपियों को देखे जाने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को गिरफ्तार किया।




