रायपुर। राजधानी रायपुर में सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर बेरोजगार युवकों से लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। यहां ठग कोई पुरुष नहीं बल्कि एक लड़की है जिसने रायपुर में बकायदा प्लेसमेंट एजेंसी खोल रखी थी। यहां सब फिक्स रेट है। 6 लाख दो और नौकरी ले जाओ। इस प्लेसमेंट एजेंसी का भांडा तब फूटा जब इसकी जानकारी वनविभाग के अफसरों को लगी। वन विभाग के अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने दबिश दी और ठग युवती को गिरफ्तार कर लिया।
ठगी यह खेल खेलने वाली युवती का नाम श्वेता देवांगन है जो प्लेसमेंट एजेंसी में काम करती है। अमलीडीह थाना न्यू राजेन्द्र नगर निवासी उसने वन विभाग में भर्ती के लिए प्रयास कर रहे कुछ अभ्यर्थियों को चूना लगाया। वन विभाग में भर्ती कराने का दावा करते हुए 1.5 लाख रुपए एडवांस और बाकी नौकरी लगने के बाद देने की बात कह रही थी। मंगलम सर्विसेस रूम नंबर 506 शुभम कॉर्पोरेट तेलीबांधा रायपुर के संचालिका द्वारा वन विभाग में भर्ती कराने के लिये 1,50,000 रूपये एडवांस व नियुक्ति सूची में लाने के लिए 5,00,000 रूपए मांगे जाने की बात कही गई।
युवती ने यह भी कहा कि उसे 17 लोगो का टारगेट मिला है जिसमें से 13 लोगो से बातचीत कर सेटल हो गया। इसका विडियो वायरल हुआ जिसमें लडकी नौकरी दिलाने का दावा कर रही थी। इस घटना से वन विभाग मे हो रही भर्ती प्रकिया के सबंध में लोगो में तरह तरह की भ्रांतियां हो रही है विभाग की बदनामी हो रही थी। वन विभाग में वन परिक्षेत्राधिकारी साधेलाल बंजारे को जब पता चला कि उनके विभाग में भर्ती के लिए रायपुर में एजेंसी काम कर रही है। इसके बाद उन्होंने शिकायत की तो युवती को गिरफ्तार किया गया।
नौकरी नहीं लगती तो वापस कर देते रुपए
पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद ठग युवती ने पूछताछ में बताया कि नौकरी नहीं लगने पर वह सभी के रुपए वापस कर देती। युवती ने खुलासा किया कि उसकी कोई सेटिंग नहीं है। जिसने भी उसे एडवांस दिया वे रुपए देने के बाद भर्ती प्रक्रिया से गुजरेंगे। इनमें जिसका सेलेक्शन हो जाएगा उससे बाकी के रूपए ले लेंगे और जिसका नहीं होगा उसके रुपए उसे लौटा देंगे। इस तरह की प्लानिंग के साथ ठग युवती ने यह सारा कांड किया। इस मामले ममें तेलीबांधा पुलिस ने लड़की के खिलाफ धारा 420 के तहत केस दर्ज कर शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लड़की के पास से लैपटॉप, कम्प्यूटर, वनरक्षक भर्ती संबंधित आवेदन, मोबाईल फोन, रजिस्टर जब्त किया है। वहीं पुलिस इस रैकेट में शामिल अन्य लोगों की तलाश भी कर रही है।
नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपी पकड़ाए
एक अन्य मामले में पुलिस ने नौकरी लगाने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी करने वाले 2 फरार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह मामला मण्डी निरीक्षक के पद पर नौकरी लगाने से जुड़ा है। बदमाश मंत्री अमरजीत भगत के साथ काम करने अपनी पहचान बड़े अधिकारियों से होना बताकर ठगी कर रहे थे। इस मामले में इन्होंने 8 लाख 15 हजार रुपए ठगे थे। मामले में पहले अशोक सोनी और राजकुमार पटेल को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। अब आरोपी अंशुल कुमार सोनी और इसके साथी हलधर वर्मा को गिरफ्तार किया है।




