भिलाई। साइबर ठगों ने अब एसआईआर प्रक्रिया में सुधार के नाम पर लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ऐसा ही एक ताजा मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक निजी कंपनी के डीजीएम से सवा छह लाख रुपए की ठगी कर ली गई। इस मामले में पीडित की शिकायत के बाद पुरानी भिलाई पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है।
पुरानी भिलाई पुलिस के अनुसार पीड़ित गोपाल नारायण सहगल, निवासी मुलेन्द्र कालोनी मुंबई 82 लायड्स कंपनी में डीजीएम के पद पर कार्यरत हैं। वे 7 अक्टूबर को काम के सिलसिले में हथखोज इंडस्ट्रियल एरिया स्थित भिलाई इंजीनियरिंग कार्पोरेशन ( बीईसी) आए हुए थे। उसी दौरान उनके व्हाट्सएप पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने पीड़ित के पिता का नाम एसआईआर रिकॉर्ड्स में गलत दर्ज होने का झांसा दिया। आरोपी ने नाम सुधारने का दावा करते हुए एक लिंक भेजा और फॉर्म भरने को कहा। जैसे ही प्रार्थी ने लिंक खोलकर विवरण दर्ज किया, उनके बैंक खाते से 6 लाख 25 हजार रुपए कट गए। जैसे ही उन्हें ठगी का अहसास होने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।




