कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बच्चा चोरी का मामला सामने आया है। यहां के जिला अस्पताल से गुरुवार को बच्चा चोरी होने से हड़कंप मच गया। चार माह के बच्चे को एक महिला अपने साथ ले गई। बच्चा ले जाती महिला सीसी टीवी में कैद हो गई है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, कुरुडीह निवासी अंजू यादव तबीयत खराब होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसके साथ उसका 4 महीने का बेटा भी था। गुरुवार को उसका बेटा अचानक गायब हो गया। इसके बाद बच्चे की काफी तलाश की गई लेकिन कुछ भी पता नहीं चला। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शुरुआती जांच के दौरान अस्पताल के सीसी टीवी फुटेज की जांच की। सीसी टीवी फुटेज में एक महिला बच्चे को ले जाती दिखी।
बच्चे की मां ने महिला की पहचान भी की है। बच्चे की मां ने पुलिस को बताया कि अस्पताल में भर्ती होने के बाद यह महिला पिछले दो दिनों से उससे मिल रही थी और बच्चे को खिलाती थी। महिला परिवार के साथ घुल मिल गई थी। महिला ऐसा करेगी यह किसी ने सोचा भी नहीं और उसका नाम या पता आदि भी नहीं पूछा। गुरुवार को भी महिला बच्चे को खिलाते हुए मौका देखकर उसे लेकर भाग गई। आरोपी महिला गुलाबी रंग के कपड़े पहने हुए हैं। पुलिस सीसी टीवी फुटेज के आधार पर महिला की तलाश में जुट गई है।




