रायपुर। पूर्व सांसद नेता नंदकुमार साय चोटिल हो गए हैं। दो दिन पहले फिसलकर गिरने से उनके पैर में चोट आई थी, जिसके कारण उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही थी। रविवार को जशपुर में कार्यक्रम शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनके स्वास्थ्य का हाल जाना और बेहतर उपचार के लिए उन्हें अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर लेकर आए। रायपुर में उनके इलाज की व्यवस्था बालाजी अस्पताल में कराई गई है।
मुख्यमंत्री साय ने इसकी जानकारी आज पत्रकारों से चर्चा के दौरान दी। उन्होंने बताया कि जशपुर प्रवास के दौरान उनका एक कार्यक्रम नंदकुमार साय के निवास के पास था। इसी दौरान वे रात में उनके घर पहुंचे और मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री के मुताबिक, नंदकुमार साय के पैर में चोट लगने के कारण उन्हें काफी तकलीफ हो रही थी। ऐसे में उन्होंने उन्हें रायपुर साथ ले जाने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्हें खुद भी रायपुर लौटना था। इसलिए नंदकुमार साय को हेलीकॉप्टर में साथ लाया गया, ताकि सड़क मार्ग से लंबी यात्रा के दौरान उन्हें परेशानी न हो। रायपुर पहुंचने के बाद उनके बेहतर उपचार के लिए बालाजी अस्पताल में भर्ती कराने की व्यवस्था की गई है।





