श्रीकंचनपथ डेस्क। पूर्व मुख्यमंत्री की कार की ठोकर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मध्यप्रदेश के राजगढ़ में हुआ जहां पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की कार से एक बाइक सवार को टक्कर लग गई। इससे युवक के सिर में चोट आई है। घटना के बाद दिग्विजय सिंह अपनी कार से युवक को लेकर अस्पताल पहुंचे और भर्ती कराया। जीरापुर में प्राथमिक उपचार के बाद युवक को भोपाल रेफर कर दिया गया है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि हादसा अचानक कार के सामने आ जाने से हुआ है। उन्होंने कहा कि वे घायल युवक की पूरी व्यवस्था देख रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह राजगढ़ के कोडक्या गांव में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रकाश के यहां शोक जताने पहुंचे थे। वहां से जीरापुर की ओर जाते समय कार से बाइक सवार को टक्कर लग गई। इससे बाइक सवार 28 वर्षीय बबलू निवासी परोलिया गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद दिग्विजय सिंह उसे अपनी कार से लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां से भोपाल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दिग्विजय सिंह के ड्राइवर पर केस दर्ज कर वाहन को कब्जे में ले लिया है। वाहन पुलिस के कब्जे में होने के बाद दिग्विजय सिंह ब्यावरा विधायक के वाहन से रवाना हुए।
हादसे के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि जीरापुर में यह घटना हुई है। ईश्वर की कृपा से युवक को ज्यादा चोट नहीं लगी, फिर भी हम उसको इलाज के लिए भोपाल शिफ्ट कर रहे हैं। हम लोग धीरे-धीरे जा रहे थे, भीड़ ज्यादा थी, युवक एकदम से गाड़ी के सामने आ गया। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर मनोज गुप्ता ने कहा कि सड़क दुर्घटना में युवक के सिर में चोट आई है। स्थिति सामान्य है, जांच के लिए चिरायु अस्पताल भोपाल रेफर किया गया है।




