कराची (एजेंसी)। पाकिस्तान में कई जगह बाढ़ के हालात बने हुए हैं। सिंध प्रांत में इसका सबसे ज्याद असर हुआ है। यहां हेलीकॉप्टर से करीब 200 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। जबकि पिछले तीन दिनों से जारी बारिश के चलते अब तक देश में 90 से ज्यादा लोगों के मरने के समाचार हैं।
सिंध, बलूचिस्तान, पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा बुरी तरह प्रभावित
देश में बलूचिस्तान, पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा राज्य भी बारिश और बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हैं। पाकिस्तान के राष्ट्रीय आपदा निकाय के मुताबिक, कराची की कई सड़कें और गलियां पानी में डूब गई हैं। बाढ़ की वजह से सबसे ज्यादा 31 मौतें सिंध प्रांत में हुई हैं। खैबर पख्तूनख्वा में भी 31 लोगों की जान गई है। बलूचिस्तान में 15 और देश के उत्तरी इलाके में 13 और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 3 लोगों की मौत हुई है।
आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा कराची समेत सभी बाढ़ प्रभावित इलाकों में बचाव अभियान चलाया गया है। सड़कों पर नावों को भी चलाया जा रहा है। कराची के निचले इलाकों से अब तक 1,245 लोगों को नाव द्वारा सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। सिंध राज्य के डाडू जिले में 300 लोग बचाए गए।
अफगानिस्तान में बाढ़ से 70 की मौत
अफगानिस्तान में भारी बाढ़ से कम से कम 70 लोगों की मौत हो गई है और दर्जनों अन्य घायल हो गए हैं। उत्तरी परवन प्रांत में कम से कम 66 लोग मारे गए। यहां हताहतों की संख्या और बढ़ सकती है। क्षेत्र में कई घर नष्ट हुए हैं जहां से कई बच्चों और गंभीर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राष्ट्रपति अशरफ गनी ने पीडि़तों और परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।




