भिलाई। ऑपरेशन विश्वास के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 21.18 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 65000 नगद व 6 मोबाइल सहित कुल 3 लाख 84 हजार 400 रुपए का मशरूका जब्त किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

बता दें दुर्ग पुलिस द्वारा जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 1 मई को थाना भिलाई भट्ठी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि सेक्टर-3 शिव मंदिर के पास भिलाई क्षेत्र में कुछ व्यक्ति अवैध रूप से “चिट्टा (हेरोइन)” का सेवन एवं विक्रय कर रहे हैं।सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई, जहां 05 आरोपियों को अवैध मादक पदार्थ के साथ पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से चिट्टा (हेरोइन), नगदी रकम एवं मोबाइल फोन जब्त किए गए।
पकड़े गए आरोपियों में हरजिंदर सिंह, उम्र 23 वर्ष, निवासी न्यू खुर्सीपार, भिलाई, मोन्टी अरोरा, उम्र 32 वर्ष, निवासी हाउसिंग बोर्ड जामुल, सूरज कुमार लोहार, उम्र 31 वर्ष, निवासी राजनांदगांव, नवजोत सिंह, उम्र 26 वर्ष, निवासी सेक्टर-4 भिलाई और ईशा कौर, उम्र 23 वर्ष, निवासी केम्प-1 भिलाई शामिल हैं। उक्त आरोपियों के विरुद्ध धारा 8, 21 NDPS Act के तहत कार्रवाई की गई। उक्त कार्यवाही में थाना भिलाई भट्ठी पुलिस टीम के अधिकारी एवं कर्मचारियों की सक्रिय एवं प्रभावी भूमिका रही, जिनके द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध जागरूक रहें एवं किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करें।




