जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुत्र ने पिता की हत्या कर दी। घटना शनिवार रात की है। दरअसल पिता शराब का इतना आदी था कि इसके लिए घर पर धान तक बेच देता था। बेटे व उसकी पत्नी ने कई बार समझाया लेकिन वह नहीं माना। 18 फरवरी को पिता पुत्र के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ और पुत्र ने लाठी व डंडे से पीट-पीटकर अपने पिता की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। मामला जिले के सन्ना थाना क्षेत्र का है।

सन्ना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गीधा ग्राम निवासी अनिल राम (48) शराब पीने का आदी था। अनिल राम घर में पैसा नहीं होने से घर में रखे धान को बेचकर शराब पीता था। इसके लिए उसका बेटा रोशन राम व उसकी मां अक्सर मना करते थे। 18 फरवरी की शाम को रोशन राम अपने पिता अनिल राम से इसी बात को लेकर विवाद कर रहा था। विवाद बढ़ गया तो रोशन राम ने डंडे से अपने पिता की बेदम पिटाई कर दी।
पिटाई से अनिल राम को काफी चोटें आई जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव में दबिश दी और रोशन राम को गिरफ्तार कर लिया। रोशन राम अपने घर पर ही छिपा हुआ था। वहीं पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा। इस पूरी कार्रवाई में सन्ना थाना प्रभारी निरीक्षक राठिया, एएसआई साहू, आरक्षक विमल मिंज, शिवशंकर राम, प्रदीप पांडेय व सुरेश राम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




