नईदिल्ली। नौकरीपेशा लोग अब पीएफ से ज्यादा पैसा निकाल सकेंगे। EPFO ने 55 साल से कम उम्र के कर्मचारियों के लिए नौकरी के दौरान विड्रॉल की लिमिट 75% से बढ़ाकर 90% कर दी है। यानी ईपीएफओ ने न्यूनतम बैलेंस की सीमा 25 फीसदी से बढ़ाकर 10 फीसदी कर दी है। इसके अलावा, पीएफ से पैसा निकालने के लिए अब 1 साल तक नौकरी करने की शर्त नहीं रहेगी। नए नियम के तहत अब PF मेंबर बनने के सिर्फ 2 महीने बाद ही आप बेरोजगारी की स्थिति में पैसा निकाल पाएंगे।
बोर्ड ने पीएफ खाते से आंशिक या आवश्यकता-आधारित निकासी करने वाले सदस्यों के लिए न्यूनतम बैलेंस का दायरा काफी लचीला कर दिया है। पहले सदस्यों को अपने पीएफ खाते में कम से कम 25 फीसदी रकम रखना अनिवार्य होता था। नए फैसले के तहत इस अनिवार्य न्यूनतम बैलेंस की सीमा को घटाकर मात्र 10 फीसदी कर दिया गया है। इस कटौती के बाद अब सदस्य अपनी कुल जमा पूंजी का 90 फीसदी तक हिस्सा जरूरत पड़ने पर निकाल सकेंगे, जिससे अचानक आई वित्तीय दिक्कतों के समय ज्यादा नकदी उपलब्ध हो सकेगी।
ईपीएफओ ने नौकरी छूटने की स्थिति में भविष्य निधि का पूरा पैसा निकालने की प्रतीक्षा अवधि (वेटिंग पीरियड) को घटाकर फिर से 2 महीने कर दिया है। पिछला फैसला वापस: गौरतलब है कि अक्तूबर 2025 में ईपीएफओ ने अंतिम पीएफ सेटलमेंट के लिए बेरोजगारी की न्यूनतम अवधि को 2 महीने से बढ़ाकर 12 महीने कर दिया था। इस कारण कर्मचारियों को पूरा पैसा निकालने के लिए एक साल तक इंतजार करना पड़ रहा था।
नई व्यवस्था के तहत बोर्ड ने उस फैसले को वापस लेने की मंजूरी दे दी है। अब कोई भी सदस्य नौकरी छूटने के बाद दो महीने तक बेरोजगार रहने पर अपने अंतिम पीएफ सेटलमेंट के लिए क्लेम दाखिल कर सकेगा। इसी प्रकार पेंशन फंड की पूरी रकम निकालने के लिए तय न्यूनतम 36 महीने की प्रतीक्षा अवधि में कोई बदलाव नहीं किया गया है और वह पूर्ववत जारी रहेगी।





