लखनऊ (एजेंसी)। योगी सरकार ने बजट में युवाओं के लिए कई घोषणाएं करने के साथ ही योग्य छात्रों को लैपटॉप देने का एलान किया है। बजट भाषण के बाद मुख्यमंत्री योगी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत पात्र छात्र -छात्राओं को लैपटाप मुहैया कराएगी। इसके अलावा बजट में जिन मंडलों में राज्य विश्वविद्यालय नहीं हैं। वहां विश्वविद्यालय बनाने का एलान किया है। इसके अलावा, ओपन एअर जिम और गांवों में खेल का मैदान बनाने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी कोशिश है कि प्रदेश के प्रत्येक गांव में एक खेल का मैदान हो।
प्रदेश की योगी सरकार ने सोमवार को वित्तीय वर्ष 20201-22 के लिए 5,50,270.78 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। राज्य के इस पहले पेपरलेस बजट में 27,598.40 करोड़ रुपये की नई योजनाओं को सम्मिलित करते हुए योगी सरकार ने सूबे की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर का आकार देने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
इस बार के बजट में सरकार ने हर वर्ग की दिक्कतों का संज्ञान लेते हुए उन्हें दूर करने का प्रयास किया है। महिला शक्ति केन्द्रों की स्थापना के लिए 32 करोड़ रुपये का बजट प्राविधान करना, युवाओं के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना में पात्र छात्रों को लैपटॉप मुहैया करना और श्रमिकों के लिए रोजगार योजना की शुरुआत करने का फैसला इसी सोच का नतीजा है।
योग्य छात्रों को मिलेगा लैपटॉप, योगी सरकार ने टीकाकरण के लिए की 50 करोड़ की व्यवस्था




