अंबिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र के जंगल में झुंड में चल रहा हाथी शावक गड्ढे में गिरकर फंस गया। गड्ढे में गिरने के बाद वह चीख पुकार मचाने लगा। हाथियों के झुंड के बीच वन विभाग की टीम ने सतर्कता के साथ शावक का रेस्क्यू किया। इसके बाद नन्हा शावक झुंड में शामिल हो गया।
दरअसल सरगुजा जिले के उदयपुर इलाके में हाथियों का एक दल विचरण कर रहा था। वन विभाग के अनुसार कुल 17 हाथियों का झुंड जंगल में विचरण कर रहा था। इस बीच एक हाथी शावक अचानक गड्ढे में गिरकर फंस गया। शावक को मुसीबत में देख हाथियों का पूरा झुंड उसके आसपास जमा हो गया और सुरक्षा घेरा बना लिया। हाथी शावक की चीख पुकार सुनकर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। हाथियों के झुंड के घेरे में शावक तक पहुंचना वन विभाग की टीम के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण और खतरनाक था।
इसके बाद वन विभाग की टीम ने पहले झुंड को सुरक्षित दूरी पर खदेड़ा, जिसके बाद शावक को बाहर निकालने का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। टीम ने लगातार करीब तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत की। आखिरकार टीम को सफलता मिली और नन्हे शावक को सुरक्षित गड्ढे से बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू के बाद न्हा शावक दोबारा अपने हाथियों के झुंड में शामिल हो गया। शावक को सुरक्षित देखकर वन विभाग की टीम ने भी राहत की सांस ली।





