भिलाई। हत्या के प्रयास के प्रकरण में कोर्ट से पैरोल पर रिहा हुए फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर 30,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश सहित सतत खोजबीन एवं पतासाजी की कार्यवाही की जा रही है लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।

मामला थाना पद्मनाभपुर से जुड़ा है। हत्या के प्रयास के मामले में धारा 229 (BNS) के अंतर्गत प्रकरण में आरोपी जसपाल सिंह निवासी एच.आई.जी. 2862/3862 हाउसिंह बोर्ड भिलाई को जिला न्यायालय द्वारा पैरोल पर रिहा किया गया था। रिहाई के पश्चात आरोपी न्यायालय में उपस्थित नहीं हुआ एवं लगातार फरार चल रहा है जिसके कारण थाना पद्मनाभपुर में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, किन्तु अब तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज द्वारा 30,000 रुपये का नगद इनाम घोषित किया गया है।




