भिलाई। सड़क में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहन चालकों एवं अव्यवस्थित ठेला संचालकों पर यातायात पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इस साल अब तक 2529 वाहनों पर नो पार्किंग कार्रवाई की गई। इस दौरान अनावश्यक दुर्घटनाओं की रोकथाम, आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात बाधित करने वाले वाहन चालकों एवं सड़क अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा अनावश्यक सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सड़क पर आवागमन करने वाले लोगों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए शहर में विशेष यातायात अभियान चलाकर कार्यवाही की जा रही है। अभियान का उद्देश्य सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग एवं अतिक्रमण के कारण उत्पन्न होने वाली जाम एवं दुर्घटना जैसी स्थितियों को रोकना है।
इसी कड़ी में रविवार को सुपेला संडे मार्केट क्षेत्र में विशेष यातायात व्यवस्था अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क पर अव्यवस्थित रूप से ठेला एवं दुकान लगाने वाले संचालकों को सड़क खाली कराकर रोड किनारे उपलब्ध स्थान पर व्यवस्थित रूप से व्यवसाय करने निर्देशित किया गया, जिससे आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसी क्रम में बीती रात्रि इंदिरा मार्केट एवं सिविक सेंटर क्षेत्र में सफेद लाइन के बाहर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वाले कुल 58 दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों पर नो पार्किंग धाराओं के तहत ई-चालान की कार्यवाही की गई। वर्ष 2026 में अब तक कुल 2529 वाहन चालकों पर नो पार्किंग की कार्यवाही की जा चुकी है। उक्त कार्यवाही में यातायात पुलिस दुर्ग के अधिकारी एवं यातायात ड्यूटी में तैनात जवानों की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील करती है कि यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करें तथा सड़क पर अतिक्रमण एवं अव्यवस्थित वाहन पार्किंग से बचें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।




