भिलाई। दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में नकली पुलिस बनकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वालों दो शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उतई के अलावा दुर्ग जिले के चार अलग अलग स्थानों पर इन बदमाशों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। फेरी में चश्मा बेचने के बहाने पहले रेकी करते और उसके बाद मौका देखकर वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त वाहन स्कूटी, 1 मोबाइल, सोने चांदी के जेवर, नगदी रकम व घटना में प्रयुक्त कपड़ा जब्त किया है।
बता दें ग्राम मर्रा निवासी टामिन बंजारे ने उतई थाना पहुंचकर 4 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 4 नवंबर को दोपहर 12.45 बजे से 13.15 बजे के बीच दो लोग सिविल ड्रेस में पहुंचे और खुद को पुलिस कर्मी बताया। दोनों ने महिला को ड्रग्स, गांजा बेचने व उसके खिलाफ पाटन थाने में शिकायत होने की बातकर डराया गया। इसके बाद घर की तलाशी लेकर आलमारी से सोने का मंगलसूत्र, पायल, बिछिया व कान का झुमका ले गए। मामले की शिकायत के बाद उतई पुलिस ने धारा 305(क), 332 बीएनएस का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान ग्राम मर्रा, गाड़ाडीह, पाटन, से रायपुर जाने वाले रास्ते में लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किया गया। सीसीटीवी फुटेज मिलने पर आरोपियों की फोटो को पहचान के लिए आसपास के जिले और थानों में सकुर्लेट किया गया। इस दौरान पता चला कि फुटेज से मिलते जुलते हूलिया वालों के वारदात का तरीका ईरानी गैंग की तरह है। इसके बाद रायपुर क्राईम ब्रांच की मदद लेकर आरोपियों की पहचान करने में मदद मिली। आरोपियों की पहचान मिस्कीन खान उम्र 38 वर्ष निवासी दलदल सिवनी ईरानी डेरा रायपुर और महवाल अली उम्र 35 वर्ष निवासी दलदल सिवनी ईरानी डेरा रायपुर के रूप में हुई।
आरोपियों की धरपकड़ के लिए बनाई गई टीम
आरोपियों की पहचान के बाद उनकी तलाश के लिए थाना उतई पुलिस द्वारा एक टीम गठित की गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। लगातार तलाश व मुखबिर की सूचना के बाद दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ में पहले गुमराह करते रहे और बाद में चोरी की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि वे चश्मा बेचने के नाम पर घूम-घूमकर पहले रेकी करते हैं और उसके बाद वारदात को अंजाम देते हैं। 4 नवंबर को मर्रा की चोरी भी इन्हीं दोनों ने की थी। आरोपी मिस्कीन अली एवं महवाल अली के द्वारा अपने नीला रंग के वाहन स्कूटी एक्सेस 125 बिना नंबर चलाते हैं।
सूनी जगह मकान देख की चोरी
आरोपियों ने बताया कि ग्राम मर्रा में सूनी जगह पर मकान देख चोरी का प्लान बनाया। घर में पहुंचकर पत्रकार व पुलिस होने का धोंस जमाया और घर की तलाशी लेते हुए सोने चांदी के जेवर, नगदी व अन्य सामान चुराकर भाग गए। अमलेश्वर होते हुए रायपुर पहुंचे और विमला ज्वेलर्स के पास सोने चांदी के आभूषण को ब्रिकी कर दुकान से मिली रकम 66000 रुपए आपास में बांट लिए। आरोपी मिस्कीन अली द्वारा चोरी किए गए सोने का मंगलसूत्र को अपने घर में छिपाकर रखा था। आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ करने पर बताए कि अक्टूबर में रिसाली सेक्टर भिलाई और मैत्री नगर में लूट की घटना को अंजाम दिया था। साथ की ग्राम गाड़ाडीह में भी एक चोरी की थी। आरोपियों के पास से बिना नंबर की एक्सेस 125, एक मोबाइल, सोने चांदी का जेवरात तथा 20 हजार रुपए नगद जब्त किया गया। उक्त कार्यवाही में थाना उतई के निरीक्षक महेश कुमार ध्रुव, उप निरीक्षक प्रमोद सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक नरेन्द्र सोनी, आरक्षक राजीव दुबे, महेश यादव एवं एसीसीयू टीम की उल्लेखनीय भूमिका रही है।




