सुकमा Sukuma. छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के भेजा इलाके में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के जवानों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए। डीआरजी जवानों व नक्सलियों की यह मुठभेड़ जिले के भेजी थानाक्षेत्र के दंतेशपुरम इलाके में हुई। सुकमा एसपी सुनील शर्मा के नेतृत्व में इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ की जगह पर भारी मात्रा में हथियार बरामद किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार डीआरजी, कोबरा, सीआरपीएफ के जवान अलग-अलग स्थलों से दंतेशपुरम के जंगल की ओर रवाना हुई थी l सुरक्षाबलों को 8 लाख का इनामी नक्सली मड़कम एर्रा और कुछ और साथियों के मौजूद होने के सूचना मिली थी। इसके बाद जब सोमवार सुबह जवानों की अलग-अलग टुकड़ी जंगल की ओर जा रही थी। इस बीच नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी फायरिंग की और महिला नक्सली सहित दो को मार गिराया है। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली भाग गए।
सुकमा पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने इस मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बल ने आठ लाख के इनामी गोलापल्ली एलओएस कमांडर मुडकम एर्रा व एलओएस सदस्य भेमी को मार गिराया है। इस पूरे ऑपरेशन को भी एसपी सुनील शर्मा ने लीड किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा मे हथियार भी बरामद किया है।




