जशपुर। दुर्ग जिले के निवेशकों से ढ़ाई करोड़ से ज्यादा का निवेश कराने वाला शुष्क इंडिया प्राईवेट लिमिटेड कंपनी का डायरेक्टर जशपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा है। जशपुर में एक महिला से 17 लाख रुपए के निवेश कराने के बाद फरार हुए आरोपी को कुनकुरी पुलिस ने उज्जैन से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने दुर्ग के साथ ही रायगढ़ व धमतरी में भी निवेशकों से करोड़ों रुपए निवेश कराया था। कुनकुरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत कार्रवाई की है।
शुष्क इंडिया प्राईवेट लिमिटेड के नाम से संचालित चिटफंड कंपनी के डायरेक्टर दिनेश सैनी को जशपुर की कुनकुरी पुलिस ने उज्जैन (मध्य प्रदेश) से गिरफ्तार किया है। दिनेश सैनी ने अपने 2 अन्य साथियों के साथ मिलकर छत्तीसगढ़ के रायगढ़, दुर्ग, धमतरी एवं जशपुर जिले के निवेशकों से कुल 4 करोड़ 3 लाख 65 हजार 311 रुपए निवेश कराया था। आरोपियों ने लोगों को 6 साल में पैसा दोगुना करने लालच देकर उक्त रकम अपनी कंपनी में जमा कराई थी। इस मामले में आरोपी के दो साथियों की तलाश जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में अरूणा लकड़ा 26 जून 2022 को थाना कुनकुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि शुष्क इंडिया प्राईवेट लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर दिनेश सैनी ने अपने 02 अन्य साथियों के साथ मिलकर कंपनी के माध्यम से 06 साल में दोगुना पैसा एवं अधिक ब्याज लालच दिया। लालच में आकर 17 लाख 50 हजार रूपए निवेश कर दिए।
इसके बाद कंपनी द्वारा महिला को 24 बाउण्ड पेपर दिया गया था तथा 540 नग प्रिंटेड चेक जिसमें 1200 रू. का प्रिंट एवं हस्ताक्षर किया हुआ था। 6 साल पश्चात् उक्त चेक के माध्यम से प्रतिमाह 1200 रुपए देने की बात कंपनी के डायरेक्टर द्वारा की गई थी। 06 साल बीत जाने के पश्चात् भी कंपनी के द्वारा कोई पैसा वापस नहीं किया गया और कुनकुरी में संचालित ऑफिस ब्रांच को बंद कर दिया गया। रिपोर्ट होने के बाद थाना कुनकुरी में उक्त धारा सदर का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण की विवेचना दौरान थाना कुनकुरी द्वारा प्रकरण के आरोपी दिनेश सैनी को मध्यप्रदेश के उज्जैन से गिरफ्तार कर लाया गया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ में विभिन्न व्यक्तियों से करोड़ों रूपए की ठगी करना बताया। आरोपीगणों के विरूद्ध छत्तीसगढ़ के जिला रायगढ़, दुर्ग, बलौदाबाजार, धमतरी, रायपुर एवं मध्य प्रदेश राज्य के उज्जैन एवं मण्डीदीप के थानों में अपराध पंजीबद्ध हैं। प्रकरण के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
कुनकुरी थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने बताया कि चिटफंड कंपनी के नाम से छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के निवेशकों से 19 लाख 15 हजार 311 रुपए, दुर्ग जिले के निवेशकों से 2 करोड़ 57 लाख रुपए, धमतरी जिले के निवेशकों से 1 करोड़ 10 लाख रुपए व जशपुर जिले के निवेशक से 17 लाख 50 हजार रुपए निवेश कराया। कुनकुरी पुलिस ने कंपनी के डायरेक्टर दिनेश सैनी (42) साल निवासी मक्सी जिला साजा (मध्य प्रदेश) को 22 नवंबर 2022 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।




