मथुरा ए.। उत्तरप्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलावर तड़के घने कोहरे के कारण भीषण हादसा हो गया। घने कोहरे में सात बसें और तीन कारें में टकरा गईं और धमाके के साथ आग लग गई। हादसे में 6 लोग जिंदा जल गए और 40 से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस व जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू शुरू किया।
मिली जानकारी के अनुसार यमुना एक्सप्रेस वे पर कोहरे के कारण पहले एक एक्सीडेंट हुआ और उसके बाद बसें व कारें एक के बाद एक टकराती गई। कोहरे के कारण विजबिलटी न के बरार होने के कारण यह हादसा हुआ। हादसे के समय बसें पूरी तरह भरी हुई थीं और सभी सीटों पर यात्री मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह हादसे के वक्त सो रहा था। अचानक जोरदार आवाज के साथ आग फैल गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर पहुंची पुलिस व प्रशासन की टीमों ने रेस्क्यू शुरू किया। सुबह 9 बजे तक राहत एवं बचाव कार्य लगभग पूरा हो चुका। मथुरा एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि सात बसें और तीन कारें आपस में टकरा गईं, जिससे सभी वाहनों में आग लग गई। उन्होंने बताया किअब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 40 से अधिक घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए गए। इधर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में मरने वालों के प्रति गहरा दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों के समुचित और बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं।




