दुुर्ग। कृषि कानून व धान खरीदी में देरी को लेकर पुलगांव स्थित मिनीमाता चौक पर आज सैकड़ों किसानों ने पहुंचकर प्रदर्शन किया। किसानों ने करीब आधे घंटे तक मिनीमाता चौक को घेरे रखा। इस दौरान चौक के चारों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों ने हाथों में तख्ती और झंडा लेकर मिनीमाता चौक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठन के नेताओं ने कहा कि वे केंद्र के कृषि कानून से सहमत नहीं है। साथ ही किसानों ने कहा कि प्रदेश सरकार धान खरीदी में देरी कर रही है। किसानों का आरोप है कि मोदी सरकार कार्पोरेट के हित में काम कर रही है। केंद्र सरकार और भाजपा, किसानों को गुमराह कर रही है कि केंद्र ने अपनी उपज कहीं भी अपने भाव में अपनी उपज बेचने के लिए किसानों को आजादी दिया है। सच्चाई यह है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी नहीं होने के कारण किसानों को कहीं भी उपज बेचने पर एमएसपी मूल्य का लाभ नहीं मिलेगा। दूसरी ओर किसानों का कहना है कि जब केंद्र सरकार इस साल राज्य से अधिक चावल खरीद रही है तब राज्य सरकार को प्रति एकड़ 20 क्विंटल की दर से धान की खरीदी तत्काल शुरू करना चाहिए।
पुलगांव चौक पर किसानों का प्रदर्शन… केन्द्र के कृषि कानून का विरोध… धान खरीदी तत्काल शुरू करने की मांग




