नई दिल्ली (एजेंसी )। दिल्ली के शकरपुर इलाके से सोमवार को पांच आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है। इन पांचों को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इनमें से दो पंजाब और तीन कश्मीर से ताल्लुक रखते हैं। आतंकियों के पास से हथियार और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। वहीं अन्य आतंकियों के छिपे होने की जानकारी भी मिली है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के कार्यालय में आतंकियों से पूछताछ जारी है। स्पेशल सेल के डीसीपी प्रमोद कुशवाहा ने कहा, ‘दिल्ली के शकरपुर इलाके में मुठभेड़ के बाद पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से दो पंजाब के, तीन कश्मीर के हैं। उनके पास से हथियार और दस्तावेज बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आतंकियों को आईएसआई के नारकोटेररिज्म समूह का समर्थन प्राप्त है। आतंकी संगठन के नाम की पुष्टि होना अभी बाकी है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया था कि इनपुट्स में कहा गया है कि कुछ शरारती तत्व प्रदर्शनकारियों में घुसकर माहौल को बहुत ज्यादा खराब कर सकते हैं। ये शरारती तत्व चाहते हैं कि किसान और पुलिस के बीच टकराव हो। इन शरारती तत्वों को एक संगठन का समर्थन मिला हुआ है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने ये भी बताया था कि कुछ शरारती तत्वों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें दबोच लिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने कहा था कि प्रदर्शनकारियों के बीच में कुछ लोगों के पास कनाडा समेत कई देशों से कॉल आ रही हैं।





