भिलाई। फरीद नगर से लापता हुआ मुक-बधिर बच्चा साजिद 6 दिन बाद सकुशल मिल गया है। 6 दिन से हैरान परेशान परिवार में खुशियां लौट आई हैं। साजिद के लापता होने के बाद परिजनों के साथ ही आसपास के लोगों व सुपेला पुलिस ने लंबी छानबीन की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। रविवार को उसे रेलवे के गार्ड ने देखा और परिचितों को फोन किया। इसके बाद उसका रेस्क्यू किया गया। बच्चे के मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है। वहीं बच्चे की मां ने कहा है कि बच्चे का किडनैप किया गया था। हालांकि सकुशल लौटने से परिवार के लोग काफी खुश हैं।
बता दें फरीद नगर निवासी मुक-बधिर बच्चा 25 जुलाई को लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन वह कहीं नहीं मिला। बच्चा बोल व सुन नहीं पाता था इसके कारण परिवार वाले काफी परेशान थे। लंबी खोजबीन के बाद सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद बच्चे की रोजाना तलाश होती रही। परिजनों ने बताया कि साजिद को ट्रेन देखने का काफी शौक है और ट्रेन देखकर काफी खुश हो जाता था।
साजिद की इसी आदत को देखते हुए सभी रेलवे पुलिस को भी उसकी फोटो भेजी गई और परिजन भी रोजाना अलग अलग स्टेशनों में तलाश की गई। रविवार को रेलवे के गार्ड ने भिलाई रेलवे स्टेशन में बच्चे को देखा और परिचितों को फोन कर बताया कि बच्चा मिल गया है। स्टेशन में उसे पकड़कर रखा गया है। इसके बाद परिजन पहुंचे और साजिद को घर ले आए। इससे पहले सुपेला थाने भी पहुंचे जहां टीआई दुर्गेश शर्मा ने साजिद से इशारों में बात की और उसे चॉकलेट भी खिलाया।
मां ने कहा किडनैप हुआ था मेरा बच्चा
साजिद की मां को एक तरफ बच्चे के सकुशन मिलने की खुशी थी तो दूसरी तरफ उसे इसबात का भी डर है कि उसके बच्चे को आखिर किसने किडनैप किया। साजिद की मां ने बताया कि उसके बच्चे ने इशारों में बताया कि उसे बांध कर रखा गया था। कमरे में अंधेरा था। मां ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस संबंध में जांच की जाए और जिसने भी उसके बच्चे को किडनैप किया उसे गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाए।




